बंशीधर नगर (गढ़वा):- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के समापन के बाद मंगलवार से गांव की सरकार गठन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। प्रथम दिन प्रखंड के 4 पंचायत में उपमुखिया के चयन के बाद नवनिर्वाचित मुखिया, उपमुखिया व ग्राम पंचायत सदस्यों को संबंधित पंचायत सचिवालय में निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रवण राम व निर्वाची पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी अरुण कुमार मुंडा के द्वारा नवनिर्वाचित उपमुखिया को प्रमाण पत्र सौंपा गया। साथ ही मुखिया, उपमुखिया व सभी वार्ड सदस्यों को शपथ दिलायी गयी। कुंबा खुर्द पंचायत सचिवालय में उप मुखिया के लिए मतदान कराया गया। उप मुखिया पद के लिए पूर्णिमा देवी व रीना देवी ने नामांकन किया। सभी 14 सदस्यों ने मतदान किया। इसमें पूर्णिमा देवी को सात मत, रीना देवी को 6 मत व एकमत रद्द हुआ। इस तरह पूर्णिमा देवी अपने निकटतम प्रतिद्वंदी रीना देवी के 6 मत के मुकाबले 7 मत लाकर उपमुखिया निर्वाचित हुई। विलासपुर पंचायत सचिवालय में उपमुखिया पद के लिए कलावती देवी व सुमित्रा देवी ने नामांकन किया। चुनाव में सभी 10 सदस्यों ने मतदान किया। कलावती देवी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सुमित्रा देवी के 3 मत के मुकाबले 6 मत लाकर उपमुखिया बनी। वहीं एकमत रद्द हुआ।
दोनों जगह निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रवण राम व सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सोशलिस्ट राम की उपस्थिति में चुनाव संपन्न कराकर शपथ ग्रहण कराया गया। कुशडंड पंचायत में एकमात्र प्रत्याशी रहने के कारण मो सागीर आलम को निर्विरोध उपमुखिया निर्वाचित किया गया। हुलहुला खुर्द पंचायत सचिवालय में उपमुखिया पद के लिए प्रदीप चंद्रवंशी व महमूद अंसारी ने नामांकन किया। यहां प्रदीप चंद्रवंशी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी महमूद अंसारी के 4 मत के मुकाबले 7 मत लाकर उपमुखिया निर्वाचित हुए। दोनों पंचायत में निर्वाची पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी अरुण कुमार मुंडा ने उप मुखिया को प्रमाण पत्र सौंपा। साथ ही मुखिया, उप मुखिया व ग्राम पंचायत सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
Read Time:3 Minute, 19 Second