
रिपोर्ट: चंदेश कुमार पटेल
खरौंधी। खरौंधी प्रखंड के चौरिया गांव में सप्तमी के अवसर पर दुर्गा पूजा के तहत भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परंपरा के अनुसार, कलश में पवित्र जल भरकर मां दुर्गा की प्रतिमा के समीप स्थापित किया गया, जिसे शक्ति और शुद्धता का प्रतीक माना जाता है।
कलश यात्रा की शुरुआत मंत्रोच्चारण और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ हुई। हाथों में कलश और सिर पर चुनरी लिए महिलाएं एवं युवक-युवतियां भक्ति गीत गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। पूरे गांव का माहौल भक्तिमय हो गया और दुर्गा माता के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
इस मौके पर न्यू आदर्श शिक्षित बेरोजगार संघ चौरिया के अध्यक्ष चौधरी राजकुमार निराला, सचिव मंदीप साह, मुखिया प्रमोद राम, उपमुखिया सूर्यदेव चौधरी, विद्याधर चौधरी, नंदू प्रसाद गुप्ता, सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि कलश यात्रा से गांव में धार्मिक एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश प्रसारित होता है। साथ ही, यह आयोजन शक्ति उपासना और आस्था का प्रतीक है, जिसे हर साल श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न किया जाता है।
